ब्रह्माकुमारीज संस्थान की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी जानकी की मृत्यु के बाद अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी हृदयमोहिनी को नई प्रमुख बनाया गया है। ब्रह्माकुमारीज संस्थान की प्रबंध समिति ने यह फैसला लिया। इसके साथ ही संस्थान की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी को अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका बनाया गया है तथा संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी ईशू दादी को बनाया गया है।
राजयोगिनी दादी हृदयमोहिनी के पास संस्थान के व्यापार एवं उद्योग प्रभाग तथा सांस्कृतिक प्रभाग के अध्यक्ष का भी दायित्व है। राजयोगिनी दादी का जन्म एक जुलाई, 1926 को हैदराबाद पाकिस्तान के सिंध में हुआ था। वो नौ साल की उम्र में ही संस्थान आ गई थीं और तब से आज तक संस्था से जुड़ी हैं।
बता दें कि शुक्रवार तड़के आध्यात्मिक संगठन ब्रह्माकुमारी संस्था की मुख्य प्रशासिका और स्वच्छ भारत मिशन की ब्रांड एंबेसेडर राजयोगिनी दादी जानकी का निधन 104 साल की उर्म में हो गया। उन्होंने माउंट आबू के ग्लोबल हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। जानकारी के मुताबिक उन्होंने शुक्रवार तड़के अंतिम सांस ली।
दादी जानकी देवी के ट्वीटर हैंडल से ट्वीट कर बताया गया, 'प्रिय मित्रों, प्यार भरे विचारों के साथ, हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि हमारी प्रिय दादी जानकी, ब्रह्म कुमारी की आध्यात्मिक प्रमुख का 27 मार्च को प्रात: दो बजे निधन हो गया है।'