लॉकडाउन के कारण परेशान किसान, फसल की कटाई के लिए नहीं मिल रहे मजदूर

कोरोना वाययरस के चलते देशभर में लागू लॉकडाउन की वजह से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पक चुकी है लेकिन कटाई के लिए किसानों को मजदूर मिलने में परेशानी हो रही है।


मध्यप्रदेश के किसान भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं। छतरपुर के किसानों का कहना है कि उन्हें नुकसान हो रहा है क्योंकि कोविड-19  लॉकडाउन के बीच मजदूरों की कमी के चलते वे अपनी फसल नहीं काट पा रहे हैं।


एक किसान कालीबंधु का कहना है कि फसल काटने के लिए कोई मजदूर नहीं मिल रहा है। फसलों की कटाई के लिए मशीनें भी बहुत महंगी हैं, हम उन्हें खरीद नहीं सकते। हम बहुत चिंतित हैं क्योंकि हमारे पास बेचने और कमाने के लिए कुछ भी नहीं होगा अगर लॉकडाउन जारी रहा।

बिहार के किसान भी झेल रहे परेशनी
बिहार में लॉकडाउन के बीच मजदूरों की कमी के कारण पटना में किसान परिवार सदस्यों के साथ अपनी फसल काट रहे हैं। एक किसान उपेंद्र कहते हैं, यहां तक कि घर के बड़े सदस्य भी हमारी मदद कर रहे हैं। इस साल खराब मौसम के कारण हमारी अधिकांश फसलें नष्ट हो गई थीं, इसलिए जो बचा है उसे बचाने के कोशिश कर रहे हैं।